May 3, 2024

विधानसभा का विशेष सत्र 17 को, राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद सत्र को करेंगे संबोधित

1 min read

शिमला
हिमाचल के पूर्ण राजत्व की जयंती के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विधानसभा का विशेष सत्र 17 सितंबर को होगा। इसमें राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद विशेष रूप से मौजूद रहेंगे और सत्र को सम्बोधित करेंगे।
विधान सभा में एक प्रैस वार्ता को सम्बोधित करते हुए विधान सभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्यत्व का स्वर्णिम वर्ष मना रहा है। 25 जनवरी, 1971 को हिमाचल प्रदेश भारतीय गणराज्य का 18वां राज्य बना था। तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी ने हिमाचल के शीर्ष नेता डॉ0 यशवन्त सिंह परमार की मौजूदगी में भारी वर्फबारी के बीच हजारों हिमाचल वासियों की उपस्थिति में रिज मैदान की प्राचीर से इसकी विधिवत घोषणा की थी। यह सौभाग्य प्रदेशवासियों को हमारे तत्कालीन राजनेताओं के अथक प्रयासों , कढ़ी मेहनत तथा अभूतपूर्व सघर्ष से प्राप्त हुआ था। हमें किस तरह से पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ और हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा कहां से तथा कैसे आरम्भ हुई इसे आज के युवा तथा जनमानस तक पहुंचाने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय के माध्यम से तय किया था कि इस स्वर्णिम जयन्ती वर्ष में कुल 51 कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे तथा उसमें एक कार्यक्रम विधान सभा में एक दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि कोरोना की क्रूरता ने हालांकि इन कार्यक्रमों के आयोजनों में व्यवधान जरूर डाला है लेकिन जैसे आजकल कुछ हालात सुधरे है तो इन कार्यक्रमों को आयोजित करना शुरू कर दिया है।

16 को शिमला पहुंचेंगे राष्ट्रपति

हिमाचल प्रदेश विधान सभा में 17 सितम्बर को हिमाचल प्रदेश प्रदेश पूर्ण राज्यत्व के स्वर्णिम जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य पर एक दिवसीय सत्र का आयोजन सुबह 11.00 बजे से किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें यह धोषणा करते हुए अपार प्रसन्नता हो रही है कि भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद सत्र को सम्बोधित करेंगे। माननीय राष्ट्रपति 16 सितम्बर को शिमला पहुंचेंगे तथा 17 सितम्बर को उनका विधान सभा में आगमन तथा सम्बोधन होगा। उन्होंने स्वयं, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के साथ राष्ट्रपति को निमन्त्रण राष्ट्रपति भवन दिया था। राष्ट्रपति ने निमन्त्रण स्वीकार कर शिमला आने का फैसला कर दिया है। राष्ट्रपति 19 सितम्बर तक हिमाचल प्रदेश राज्य के प्रवास पर रहेंगे।

अपने दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगता प्रकाश नड्डा, केन्द्रीय युवा सेवायें एवं खेल तथा सूचना एवं प्रसाण मंत्री श अनुराग ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रभारी अविनाश राय खन्ना तथा सह प्रभारी संजय टंडन को भी व्यक्तिगत रूप से निमन्त्रण दिया है। स्वर्णिम जयन्ती वर्ष पर आयोजित यह सत्र ऐतिहासिक है और उनका मानना है कि इस प्रदेश के विकास तथा नव निर्माण में जहां पूर्व में रहे सभी मुख्य मंत्रियों का यथासम्भव योगदान रहा है। वहीं वर्तमान मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कदम भी गतिशीलता तथा कर्मठता के साथ आगे बढ़ रहे हैं तथा वह भी इस प्रदेश का सर्वोच्च योग्यता तथा दृढ़ता के साथ नेतृत्व करते हुए विकास की दिशा में तेजी के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। इस प्रदेश के निर्माण में पूर्व में रहे सभी जन प्रतिनिधियों की अहम भूमिका रही है। बतौर विधायक अपने अपने क्षेत्र के विकास में सभी ने गहरी रूची दिखाई है तथा यह तय किया है कि इस कार्यक्रम में उन्हें भी विशेष तौर पर आदर पूर्वक आमंत्रित किया जाये।

पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों, सभी पूर्व विधानसभा अध्यक्षों, बीजेपी कांग्रेस अध्यक्षों को किया आमंत्रित

इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रो0 प्रेम कुमार धूमल, राज्य सभा तथा लोक सभा के सभी वर्तमान एवं पूर्व सदस्य , सभी पूर्व विधान सभा अध्यक्ष, भाजपा तथा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को भी आमन्त्रित किया है। सभी आमंत्रित अतिथियों के साथ प्रोटोकॉल अधिकारी तैनात किये गये हैं ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। परमार ने कहा कि सभी आमन्त्रित अतिथियों के ठहरने तथा खाने -पीने की समुचित व्यवस्था कर दी है तथा इस विशेष सत्र के आयोजन के लिए विधान सभा की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबद करने, यातायात को सुचारू रखने तथा पार्किंग इत्यादि की व्यवस्था हेतु उन्होंने पुलिस प्रमुख सुंजय कुंडू तथा विभाग के अन्य सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस सत्र के आयोजन से जुड़े सभी विभागाध्यक्षों के साथ दो दिन पूर्व एक बैठक की थी । उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सभी सत्र के आयोजन में कोई कोताही न बरतें तथा समय रहते अपना कार्य पूरा करें। साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये तथा बिना पास के कोई भी परिसर में प्रवेश न पायें।
परमार ने कहा कि सत्र का आयोजन राष्ट्रपति कार्यालय से समय-समय पर जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। विधान सभा सचिवालय की ओर से सभी को N-95 मास्क तथा सैनिटाईजर मुहैया करवाये जायेंगे।

विपिन परमार ने कहा कि विधान सभा परिसर तथा सदन को पूरी तरह से सैनिटाईज किया जायेगा व हर मुख्य द्वार पर पैडलद्वारा स्वचालित सैनिटाईजर से लैस मशीनें रखी जायेंगी। परिसर में प्रवेश से पूर्व सभी की थर्मल स्कैनिंग की जायेगी। परिसर में केवल वही प्रवेश पा सकेगा जिसे आमंत्रित किया गया है। दर्शक दीर्धा तथा पत्रकार दीर्धा में भी सामाजिक दूरी का ख्याल रखा जायेगा। राष्ट्रपति महोदय के साथ सम्पर्क में आने वाले सभी लोगों का RTPCR टेस्ट होगा व चाहे कोई राजनेता, जनप्रतिनिध, सरकारी अधिकारी तथा पर्यटन विकास निगम से जुड़ा कर्मचारी जो उनकी सेवाओं के साथ जुड़ा हो।

दूरदर्शन से होगा कार्यक्रम का प्रसारण

राष्ट्रपति के सम्बोधन तथा इस कार्यक्रम का दूरदर्शन शिमला तथा आकाशवाणी द्वारा सीधा प्रसारण किया जायेगा। सदन में सत्र समाप्ति के पश्चात माननीय राष्ट्रपति के प्रस्थान के पश्चात हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिवालय के डॉ0 यशवंत सिंह परमार लाईब्रेरी हॉल में पूर्ण राज्यत्व स्वर्णिम जयन्ती वर्ष पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जिसमें सभी आमन्त्रित अतिथिगण तथा तेरहवीं विधान सभा के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे। इस पर अवसर पूर्व मुख्यमंत्रियों शांता कुमार तथा प्रो0 प्रेम कुमार धूमल को विशेष रूप से सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर पूर्व विधान सभा अध्यक्ष तथा पूर्व सदस्य भी अपने सम्बोधन के माध्यम से अपना अनुभव सांझा करेंगे व भविष्य की योजनाओं पर भी अपना प्रकाश डालेंगे। इस बार सभी पास राष्ट्रपति कार्यालय की अनुशंसा पर सीआईडी द्वारा जारी किये जायेंगे तथा कोविड के नियमों की परिपालना करते हुए मिडिया के साथियों के मात्र 31 पास जारी कर सकेंगे तथा सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग ही इस पर अन्तिम निर्णय लेगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.