May 2, 2024

हम गरीबों के लिए समर्पित, कांग्रेस घोटालों के लिए: जयराम ठाकुर

1 min read

बल्ह के पैड़ी में चुनावी जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस पर साधा निशाना
-कहा, हजारों करोड़ के घोटाले को ही उपलब्धि मानती है कांग्रेस
-इस चुनाव में 34 हजार से अधिक की लीड दिलाओ, मोदी जी को और मजबूत बनाओ

बल्ह

भाजपा के स्टार प्रचारक एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बल्ह के पैड़ी से विपक्ष को ललकारते हुए चारों सीटों के साथ 2022 में भी मिशन रिपीट का दावा किया है। शनिवार को यहां चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के लोग मुझसे यह पूछ रहे हैं कि आपकी उपलब्धियां क्या है। लगता है कांग्रेसियों के लिए हजारों करोड़ के घोटाले ही उपलब्धियां हैं, जमीन पर हुआ विकास उन्हें नजर नहीं आता।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र की जनता से कहा कि पिछली बार पंडित रामस्वरूप शर्मा को 34 हजार मतों की बढ़त मिली थी तो इस बार और अधिक होनी चाहिए ताकि केंद्र की मोदी सरकार को और मजबूती मिल सके। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग बार-बार पूछ रहे हैं कि आपने क्या किया। हमने सारी बातों को लेकर अपना पक्ष लोगों के सामने रखा और लोगों का समर्थन भी मिला।

सीएम ने कहा, हमारी सरकार गरीब लोगों के लिए समर्पित है। आप लोगों के सहयोग और आशीर्वाद से ही आज प्रदेश में भाजपा की सरकार है। मैं कांग्रेस के नेताओं को याद दिलाना चाहता हूं कि 2019 के लोकसभा चुनावों में 68 के 68 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को लीड मिली थी और चारों सीटों पर जीत मिली। उसी साल दो उपचुनाव हुए, वह भी हम जीते। फिर पंचायत चुनाव हुए, उसमें भी भाजपा को ही जीत मिली।

‘हमने गरीबों का इलाज मुफ्त करवाया’

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य के दो लाख गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज करवाया, लेकिन हम कांग्रेस के लोगों से पूछना चाहते हैं कि आपने क्या किया। कांग्रेस ने कभी सोचा नहीं कि गरीब लोगों का इलाज कैसे होता है। हम विकास के लिए समर्पित हैं, गरीबों के लिए समर्पित हैं लेकिन कांग्रेस का एक ही लक्ष्य रहता है-घोटाले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा सपना है कि प्रदेश एक बहुत बड़ा एयरपोर्ट हो। इसके लिए हमने बल्ह विधानसभा क्षेत्र में जगह भी देख ली। इसके लिए सर्वे करवाया और सभी प्रक्रिया भी शुरु हो चुकी है। जल्द ही भूमि अधिग्रहण का काम भी शुरु हो जाएगा। बल्ह में एनडीआरएफ बटालियन के लिए सरकार ने बैहना में जगह दी। यहां मेडिकल कॉलेज ही नहीं, मेडिकल यूनिवर्सिटी खोल दी।

परेशान हैं कांग्रेस वाले

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उपचुनावों में भाजपा चारों सीटों पर जीत रही है, जिससे कांग्रेसी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता इसलिए भी ज्यादा परेशान हैं, क्योंकि देश में कहीं पर भी यह पार्टी बची नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कहने वाली कांग्रेस आज कहीं पर भी दिखाई नहीं देती।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के मित्र इतने गिर जाएंगे इस बारे सोचा भी नहीं। हमारे मंडी संसदीय सीट से सशक्त प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर की उपलब्धियों पर भी उंगली उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप सबके आशीर्वाद और भरपूर सहयोग से इस चुनाव में ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर की जीत तय है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.