May 15, 2024

ग्रामीण विकास-पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने टिक्कर के धराड़ा और खारला का दौरा कर जनसमस्याएं सुनी

1 min read

शिमला।

ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज तहसील टिक्कर के ग्राम पंचायत धराड़ा और खारला का दौरा कर वहां की जनसमस्याएं सुन कर अधिकतर समस्यायों का मौके पर निपटारा किया।
ग्राम पंचायत धराड़ा में जन समस्याएं सुन ने के उपरांत उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि क्षेत्र में महिला मंडल भवन निर्माण तथा स्थानीय पंचायत धराड़ा भवन निर्माण के लिए पैसों की कमी नहीं आने देंगे।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 15 वर्षों के बाद 412 नई पंचायतें पूरे प्रदेश में बनाई गई जिससे उस क्षेत्र की जनता को अनेकों लाभ प्राप्त होंगे।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा ने क्षेत्र के विकास के लिए एक विजन स्थापित किया था। जिसकी बदौलत आज क्षेत्र 10 हजार करोड़ रुपए की आर्थिकी प्रदान करता है। साथ ही एंटी हेलगन का आइडिया भी नरेंद्र बरागटा लाए थे। मंडियों के विस्तारीकरण में एक बहुत बड़ी सोच स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा के पास थी। जिनकी बदौलत आज क्षेत्र में अनेकों मंडियां स्थापित की गई है तथा पराला मंडी में फूड प्रोसेसिंग प्लांट को भी स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा के सपने को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी द्वारा जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 2 एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा की गई, जिसे कैबिनेट द्वारा भी मंजूरी प्रदान की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि साढ़े 3 वर्षों में प्रदेश के कोने-कोने के साथ क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विकास किए गए है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार का पहली मंत्रिमंडल का निर्णय वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन सुविधा 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष आयु सीमा निर्धारित की गई। साथ ही हमारी बुजुर्ग माताओं के लिए वृद्धावस्था पेंशन के लिए आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि हर घर को चूल्हा प्रदान करने के उद्देश्य से हिमाचल ग्रहणी सुविधा योजना शुरू की गई, जिसके अंतर्गत साढ़े 3 लाख परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से हिमकेयर योजना के अंतर्गत साढ़े 5 लाख लोगो को लाभान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा रेन हार्वेस्टिंग टैंक बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री एक बीघा योजना के अंतर्गत 1 साल के अंदर 5000 महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए वचनबद्ध है जिसके लिए प्रदेश में विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भाजपा आईटी सेल संयोजक चेतन बरागटा, स्थानीय प्रधान गीता जरेट, उप प्रधान सतीश ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष पवन चौहान, उपमंडलाधिकारी सुरेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी प्रताप चौहान, जिला सिरमौर प्रभारी अरुण फालटा, मंडल महामंत्री राकेश शर्मा, मनमोहन कपालटा, सीता राम कपालटा तथा अन्य पदाधिकारी, महिला मंडल एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

खराला में की कई घोषणाएं

इसके उपरांत खारला में जन समस्याएं सुनने के उपरांत अपने संबोधन में कहा कि खारला में बनी नई पंचायत भवन निर्माण के लिए 80 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी, जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने नए पंचायत भवन में फर्नीचर उपलब्ध करवाने के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की ताकि पंचायत कार्य सुचारू रूप से चल सके।
उन्होंने खारला गांव में खेल मैदान के सौंदर्यकरण के साथ ओपन जिम, पार्क तथा अन्य प्रकार की सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सेब सीजन के दौरान सभी सड़के सुचारू रखने के निर्देश दिए ताकि बागवानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े।
उन्होंने रमटेडी सामुदायिक भवन को 3 लाख रुपए, संपर्क मार्ग बनबाव को ढाई लाख और जगतेली मंदिर सौंदर्यकरण के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने खंड विकास अधिकारी को पंचायत के सभी महिला मंडल भवन का एस्टीमेट तैयार कर कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए ताकि महिला मंडलों के लिए भवन की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.