बिक्रम सिंह जरयाल मुख्य सचेतक, कमलेश कुमारी उप मुख्य सचेतक नियुक्त

शिमला।
लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों से पहले जयराम सरकार ने विधानसभा में मुख्य सचेतक और उप मुख्य सचेतक की नियुक्तियों के साथ ही कुछ और नियुक्तियां की हैं।
चंबा जिले के भटियात हल्के से विधायक बिक्रम सिंह जरयाल को विधानसभा में मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है, जबकि हमीरपुर के भोरंज हल्के से विधायक कमलेश कुमारी को उपमुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है। जुब्बल कोटखाई के विधायक नरेंद्र बरागटा के निधन के बाद मुख्य सचेतक का पद खाली था। इसके साथ ही सरकार ने बोर्ड और निगम में भी नियुक्तियां की हैं। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और फतेहपुर विधानसभा हल्के के ओमप्रकाश चौधरी को प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इसके साथ ही जयराम सरकार ने जवाली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता संजय गुलेरिया को नेशनल सेविंग स्टेट एडवाइजरी बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद को भी सरकार ने हिमाचल पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर तैनात किया है। बता दें कि मुख्य्मंत्री जयराम ठाकुर हाल ही में दिल्ली गए थे। पार्टी के शीर्ष नृतेत्व के साथ चर्चा करने के बाद ये नियुक्तियां की गई हैं।

Related posts

Leave a Comment