सुरजीत सिंह ठाकुर को सौंपी आम आदमी पार्टी हिमाचल की कमान

केंद्रीय नेतृत्व ने आम आदमी पार्टी हिमाचल की कमान सुरजीत सिंह ठाकुर को सौंपी है। सुरजीत सिंह ठाकुर सिरमौर जिला के राजगढ़ इलाके के रहने वाले हैं। वे शुरू से ही पार्टी से जुड़े रहे हैं।

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शिमला में इसका ऐलान किया। पार्टी ने 400 पदाधिकारियों की विधानसभा स्तर तक अपनी कार्यकारिणी बनाई है। इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि हिमाचल में आप कार्यकर्ताओं ने गांव गांव जाकर कार्यकर्ताओं को जोड़ा और आज हर गॉव, पंचायत और विधानसभा क्षेत्र में बडी संख्या में आप कार्यकर्ता बने हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर जगह लोग भाजपा से असंतुष्ट है। लोग कांग्रेस के साथ भी नहीं जाना चाहते। ऐसे में लोग अब आम आदमी पार्टी से उम्मीद लगाए बैठे है। लोग दिल्ली की केजरीवाल सरकार की तरह हिमाचल में भी सरकार चाहते हैं।

इस मौके पर आप के हिमाचल सह प्रभारी सांसद डॉ सन्दीप पाठक ने कहा कि संगठन किसी भी पार्टी की नींव होती है। हिमाचल में भी पंजाब और दिल्ली की तरह ही मजबूत संगठन तैयार किया जा रहा है। राज्य में 3615 पंचायत, 18000 गॉव हैं और हर गॉव में कमेटियां बना दी गई है जिसके बाद बूथ और फिर विधानसभा लेवल तक। अभी विधानसभा लेवल तक 400 पदाधिकारी बनाए गए हैं।

आम और खास के बीच की खाई पाटने का करूंगा काम: सुरजीत सिंह


नवनियुक्त अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी आलाकमान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आलाकमान ने एक आम कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उनको राजगढ़ से बाहर निकलकर अब प्रदेश की कमान मिली है। उन्होंने कहा कि आम और खास के बीच की खाई को पाटना पहला काम होगा। उन्होंने कहा कि वह कैरियर बनाने नहीं कैरियर छोड़कर राजनीति में आए हैं। सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि देशभक्ति भारत माता की जय बोलने से नहीं दूसरों के लिए काम करने से आती है। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि और भी ताकत से हिमाचल की व्यवस्था को बदलने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे।

एक सवाल के जवाब में मनीष सिसोदिया ने कहा कि सत्येन्द्र जैन पर कार्रवाई सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई करप्शन करेगा तो बर्दाश्त नहीं करेंगे, लेकिन अगर किसी कार्यकर्ता को अपने तोता मैना से फंसाने के काम भाजपा करेगी तो उसका डटकर मुकाबला किया जाएगा।

एक अन्य सवाल के जवाब में मनीष सिसोदिया ने कहा कि पार्टी का गठबंधन आम लोगों के साथ है। पार्टी कार्यकारिणी में हिमाचल से कोई बड़ा चेहरा न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता जिसे मौका देगी वो बड़ा चेहरा बनेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब में दंगा भड़काने और अपराध रोकने के लिए आप सरकार ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की गई और आगे भी इसी तरह काम करेंगे।

Related posts

Leave a Comment