हिमाचल के उपचुनावों में चारों सीटों पर कांग्रेस जीती, मंडी से प्रतिभा सिंह जीती

शिमला
हिमाचल के उपचुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। लोकसभा मंडी सीट से कांग्रेस की प्रतिभा सिंह जीत गई हैं। प्रतिभा सिंह ने 7490 मतों से भाजपा के ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को पराजित किया। प्रतिभा सिंह को 369565 वोट मिले जबकि खुशाल ठाकुर को 362075 मत मिले। इसी तरह जुब्बल कोटखाई से कांग्रेस के रोहित ठाकुर 6293 और फतेहपुर से कांग्रेस के भवानी पठानिया 5789 वोटों से जबकि अर्की से संजय अवस्थी 3277 मतों से विजयी रहे हैं। इस तरह उपचुनावों सीटों पर भाजपा चारों खाने चित हुई है।


मुख्यमंत्री ने कहा, वे जनादेश का सम्मान करते हैं

उपचुनाव में पार्टी की हार को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वे जनादेश का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में पार्टी ने बेहतर करने की कोशिश की लेकिन परिणाम आशा के अनुकूल नहीं रहे। इस हार पर वे पार्टी आलाकमान के साथ चिंतन करेंगे और आगे की रूपरेखा बनाएंगे.

जयराम ने हार की जिम्मेवारी स्वंय पर लेते हुए कहा कि बतौर मुख्यमंत्री वे चुनावी प्रचार का नेतृत्व कर रहे थे। पार्टी ने जो दायित्व सौंपा था उसको निभाते हुए जो कमी रही है उसको विनम्रता रूप से स्वीकार कर रहा हूँ। उन्होंने मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस की जीत को लेकर यह भी कहा कि यह कोई बहुत बड़ी जीत नहीं है। कांग्रेस ने जो जीत हासिल की है वह आजतक की सबसे कम लीड है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन चुनावों में महंगाई को बहुत बड़ा मुद्दा बनाया जबकि हकीकत यह है कि महंगाई पूरी दुनिया मे बढ़ी है.


कांग्रेस ने हार पर मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा

कांग्रेस ने उपचुनाव में मिली जीत के बाद सरकार पर हमला तेज कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि यह चुनाव प्रदेश की जयराम सरकार के खिलाफ जनादेश है। मुख्यमंत्री को चुनाव में हार को देखते हुए अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, उनको तत्काल अपने पद से इस्तीफा देकर प्रदेश में चुनाव करवाने चाहिए। उन्होंने इस जीत को आम लोगों की जीत करार दिया है और कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और कुशासन के खिलाफ जनता ने वोट दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी 20220 के विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करेगी और इन चुनावों को भी जीतेगी।

Related posts

Leave a Comment