April 24, 2024

उद्योग मंत्री ने जसवां परागपुर के कस्बा जागीर में किया तीन रास्तों का भूमिपूजन

1 min read

उद्योग मंत्री ने जसवां परागपुर के कस्बा जागीर में किया तीन रास्तों का भूमिपूजन
डूहकी में किया जनसमस्याओं का निपटारा
कहा…..15 लाख से होगा डूहकी संपर्क मार्ग का निर्माण
देहरा।
प्रदेश में हर गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए जयराम सरकार प्रयासरत है। इस हेतु प्रदेश में विभिन्न योजनाओं और विभागों के माध्यम से सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों का फंड उपलब्ध करवाया जा रहा है। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कस्बा जागीर के गांव सुलयाह में तीन रास्तों के भूमिपूजन के उपलक्ष्य पर उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत लगभग 10 लाख रूपये की लागत से गांव सुलयाह में इन रास्तों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्लाॅक और पंचायत के माध्यम से बनने वाले यह रास्ते तीन माह के भीतर बनकर क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे।
इसके बाद उन्होंने डूहकी में लोगों से संवाद स्थापित करते हुए बताया कि गुराला से अप्पर डूहकी संपर्क मार्ग के लिए 15 लाख रूपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है और आने वाले दिनों में जल्द ही इसका निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डूहकी सड़क के निर्माण के लिए उद्योग विभाग के अन्तर्गत खान और खनिज कोष से यह राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में खान और खनिज कोष से ही लगभग 70 लाख रूपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उद्योग विभाग और औद्योगिक गलियारे के तहत ही करोड़ों रूपये के विकाय कार्यों को अमली जामा पहनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर विभाग के माध्यम से क्षेत्र की जनता को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाने को संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि वह सदैव प्रयासरत रहते हैं कि क्षेत्र के उत्थान के लिए किस विभाग से कौनसी परियोजना लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह समय जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वर्णिम काल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुले हृदय से धन और व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी सरकार और मुख्यमंत्री ने जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को इतने संसाधन और व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई हों। उन्होंने कहा कि जस्वां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में आज जिस गति से सड़क निर्माण के कार्य हो रहे हैं, उसे पूरे प्रदेश में एक उदाहरण के तौर पर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि 70 वर्षों से जो क्षेत्र सड़क सुविधा से कटे हुए थे, उन्हें आज सड़क से जोड़ने का कार्य प्रदेश सरकार जसवां परागपुर में कर रही है।
उद्योग मंत्री ने डूहकी में जनसमस्याओं को विस्तारपूर्वक सुनते हुए अधिकत्म का मौके पर ही समाधान किया और शेष से समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को क्षेत्र की जनता की समस्याओं को समय पर दूर करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.