April 19, 2024

आम आदमी पार्टी की हिमाचल में बदलाव यात्रा आरंभ

1 min read

चारों लोकसभा क्षेत्र में आप कार्यकर्ताओं ने प्रभात फेरी,रैली,पूजा से किया बदलाव यात्रा का आगाज

आप कार्यकर्ताओं की अपील,एक मौका केजरीवाल को दीजिए, शिक्षा और स्वास्थ्य का दिल्ली मॉडल हिमाचल में करेंगे लागू

 

आगामी 21 दिनों तक चलेगा आप का बदलाव मार्च,सभी विधानसभाओं और लोकसभा में पहुंचेंगे आप कार्यकर्ता

आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा का आगाज आज चारों लोकसभा क्षेत्र से शुरू हो गया है। कुल्लू में तिरंगे यात्रा के दौरान आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने बदलाव यात्रा की घोषणा की थी जिसके बाद आज सोमवार से आप कार्यकर्ताओं ने चारों लोकसभा से इसकी विधिवत शुरुवात कर दी है। आज के बदलाव मार्च में, पूरे प्रदेश में,सुबह से ही बड़ी संस्था
में आप के कार्यकर्ता बदलाव यात्रा में शामिल होकर प्रदेश की जनता के बीच संदेश देने के लिए निकल पड़े हैं। आज की बदलाव यात्रा का आगाज शिमला संसदीय क्षेत्र में शिमला के संजोली, मंडी लोकसभा क्षेत्र के पांगी भरमौर, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के देहरा में आयोजित की गई जहां आप कार्यकर्ताओं ने सुबह प्रभात फेरी से इसकी शुरुवात की और उसके बाद मंदिरों में जाकर पूजन,हवन के बाद लोगों से मुलाकात की। इसके बाद आप कार्यकर्ताओं का काफिला रैली की तरह कई क्षेत्रों में गया जहां उन्होंने आप की नीति और हिमाचल में बिगड़ी स्वास्थ्य व्यवस्था,और जर्जर स्कूल के बदहाल हालातों से जनता को रूबरू करवाया। इसके अलावा कई जगह आप कार्यकर्ताओं ने जनसंवाद के जरिए भी लोगों से सीधे बात की और आप की नीतियों और विजन से जनता को रूबरू करवाया।


शिमला लोकसभा के संजोली से आप अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर के नेतृत्व में बदलाव यात्रा का आगाज

आम आदमी पार्टी ने शिमला लोकसभा के संजोली से आज बदलाव यात्रा का आगाज करते हुए सुबह प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में मौजूद आप कार्यकर्ता सबसे पहले संजोली में जमा हुए जहां उन्होंने,भगवान गणेश के भजन से बदलाव यात्रा का आगाज किया। इस दौरान आप अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर भी मौजूद रहे जिन्होंने आप कार्यकर्ताओं के साथ इसके बाद संजोली बाजार में जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान आप अध्यक्ष कई लोगों से मिले और उनको आश्वस्त किया कि,आप की सरकार आते ही सबसे पहले शिक्षा,स्वास्थ्य को दिल्ली की तर्ज पर बेहतर किया जाएगा। उसके बाद बेहतर हिमाचल के लिए आप प्रतिबद्ध है।आप अध्यक्ष ने कहा,बीजेपी कांग्रेस ने हमारे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है लेकिन अब हमको जागना होगा ताकि आने वाले समय में अब हमारे बच्चों की भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ ना कर सके। उन्होंने बताया वो जहां भी जा रहे,हिमाचल में जनता बदलाव मांग रही है। अभी तक मजबूत विकल्प ना होने से लोगों के पास ऑप्शन नहीं था लेकिन अब आप को बेहतर विकल्प मान कर आप से लगातार जुड़ कर बदलाव की इस मुहिम को सफल बनाएंगे।इसके बाद आप का ये काफिला आगे बढ़ता रहा और शाम को आप कार्यकर्ता आप अध्यक्ष के नेतृत्व में शिमला मॉल रोड पहुंचे ,जहां उन्होंने दुकानदारों और जनता से मुलाकात कर ,बदलाव यात्रा के बारे में उनको बताया।

देहरा में बगुलामुखी मंदिर बनखंडी में पूजा-अर्चना तथा हनुमान मंदिर में हवन यज्ञ के साथ बदलाव यात्रा का आगाज

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बदलाव यात्रा की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान के साथ की। देहरा में बदलाव यात्रा के साथ कार्यकर्ता पहले हनुमान मंदिर में पूजा करने के बाद बगुलामुखी मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचे। इसके बाद बगुलामुखी मंदिर में ही हवन यज्ञ में भाग लिया। यह बदलाव यात्रा माता बगलामुखी से शुरू होकर हरिपुर , गुलेर से देहर बाज़ार पहुँची। इस मौक़े पर कर्नल मनीष , आर के डोगरा, अश्वनी धीमान, बलजीत ढढवाल, बृजमोहन शर्मा, सुभाष भगोरिया सहित सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया ,बदलाव यात्रा के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया जिसमें हिमाचल की मौजूदा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली पर चर्चा की गई और आप की सरकार बनने पर दिल्ली मॉडल को यहां भी लागू करने की बात हुई ।

रंग दे बसंती चोला, देश भक्ति के गानों के साथ जनता के बीच पहुंची बदलाव यात्रा

हिमाचल के चारों लोकसभा क्षेत्र शिमला, मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा जिले में शुरु हुई आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा रंग दे बसंती चोला , जैसे देशभक्ति के गीतों के साथ शुरु हुई है। बदलाव यात्रा में शामिल मोटर साइकिल, कार, जीप के आगे म्यूजिक सिस्टम में देश भक्ति के गीत बजते रहे हैं। इसके साथ ही आप के कार्यकर्ता इंकलाब जिंदाबाद के नारों के साथ बदलाव यात्रा को आगे बढ़ाते नजर आए। इस दौरान जनता ने भी आप की बदलाव यात्रा को अपना पूरा समर्थन दिया और कहा,हिमाचल की जनता इस बार बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए बदलाव चाहती है।

जनता को बता रहे, प्रदेश की बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल

आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा के दौरान कार्यकर्ता जनता से संवाद भी कर रहे हैं। जिसमें जनता के बीच यह बात पहुंचाई जा रही है कि भाजपा सरकार के समय हिमाचल प्रदेश में कैसे शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। आप नेताओं के अनुसार जनता से संवाद कर बताया जा रहा है कि प्रदेश के सैकड़ों स्कूलों के भवनों की हालत जर्जर है। बच्चों को न तो बैठने का प्रबंध है, न पानी की व्यवस्था और न ही खेलने के लिए स्कूलों में मैदान है। सैकड़ों की संख्या में ऐसे स्कूल हैं जहां पांच कक्षाओं को एक ही शिक्षक पढ़ा रहा है तो कहीं एक ही रुम में पांच कक्षाएं लग रही हैं। जिससे साबित होता है कि प्रदेश में पूर्व की कांग्रेस सरकार और वर्तमान में भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था का सुधारने का प्रयास नहीं किया है। बदहाल शिक्षा व्यवस्था ही आपके बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है।

एक मौका केजरीवाल को, शिक्षा और स्वास्थ्य का दिल्ली में मॉडल हिमाचल में होगा लागू

बदलाव यात्रा के दौरान जन संवाद में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जनता से कह रहे हैं कि अब समय आ गया है कि एक मौका केजरीवाल को दो और प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाओ। कार्यकर्ता जनता को बता रहे हैं दिल्ली में अरविंद केजरीवाल में शिक्षा में सुधार के लिए पूरे बजट का 25 फीसदी खर्च कर पूरी व्यवस्था को बदल दिया है। अब दिल्ली में स्कूलों के नए भवनों के साथ-साथ पढ़ाई की बेहतर सुविधाएं हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों का बोर्ड परीक्षा का परिणाम 99 फीसदी आ रहा है। जिसका परिणाम है कि दिल्ली में लोग प्राइवेट स्कूलों से अपने बच्चों का नाम कटाकर सरकार स्कूल में भर्ती कर रहे हैं। आप आगामी विधानसभा चुनाव में एक मौका केजरीवाल को दो, हिमाचल की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं दिल्ली मॉडल में बेहतर होंगी।

हमीरपुर में आप कार्यकर्ताओं ने प्रभात फेरी निकाल कर बदलाव यात्रा के जरिए दिया बदलाव का संदेश

हमीरपुर में भी आप कार्यकर्ता सुबह सुबह समूहों में सड़कों पर निकल कर प्रभात फेरी में शामिल हुए। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में मौजूद महिलाओं ने भगवान के भजन के साथ प्रभात फेरी निकाली और हिमाचल अब बदलाव मांग रहा इसका संदेश दिया। आप कार्यकर्ताओं के साथ इस प्रभात फेरी में स्थानीय लोग भी काफिले में जुड़ते रहे और हिमाचल में बेहतर शिक्षा ,स्वास्थ्य के लिए बदलाव का संकल्प लिया।

चंबा के भरमौर में आप कार्यकर्ताओं ने पूजा अर्चना और हवन के बाद सड़कों पर उतरकर बदलाव का दिया संदेश

मंडी लोकसभा के भरमौर में भी आप कार्यकर्ता सुबह सुबह भरमाणी मात मंदिर में जमा हुए जहां उन्होंने बदलाव यात्रा की शुरुआत से पहले,पूजा अर्चना की और हिमाचल की बेहतरी के लिए आशीर्वाद लिया। इसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने भरमाणी मंदिर परिसर में हवन करवाया जहां सैकड़ों की संख्या में आप कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद आप के बदलाव मार्च में शामिल महिलाओं,बुजुर्गों और युवाओं का काफिला ,रैली के रूप में लोगों के बीच बाजारों से होते हुए निकला जहां उन्होंने लोगों से बदलाव यात्रा के बारे में बात की। आप कार्यकर्ताओं ने शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे को अहम बताते हुए कहा,इस बार का चुनाव शिक्षा और स्वास्थ्य पर लड़ा जाना चाहिए,ताकि आने वाले समय में हिमाचल के बच्चों का भविष्य और स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित हाथों में रहे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.