March 29, 2024

मुख्यमंत्री ने सरकार की कल्याणकारी कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया

1 min read

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज हमीरपुर के पुलिस मैदान में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावशाली तरीके से लोेगों तक ले जाने और विपक्ष के झूठे प्रचार का भी प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विश्व नेता संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान न केवल राष्ट्र का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन किया, बल्कि देशवासियों के लिए स्वदेशी टीका विकसित करने के लिए वैज्ञानिकों को प्रेरित भी किया। उन्होंने कहा कि खसरा, जापानी बुखार, पोलियो, टेटनस इत्यादि के टीके कई वर्षों के पश्चात भारत को उपलब्ध हुए, लेकिन कोविड-19 के पहले मामले के नौ माह के भीतर ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से कोरोना की वैक्सीन तैयार कर ली गई। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को 200 करोड़ निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध करवाने के इलावा दुनिया के कई देशों को इस वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर टीकाकरण के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हीं नेताओं ने अब टीकाकरण करवा लिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य की पात्र आबादी को दो खुराकों के साथ शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने वाला देश का पहला राज्य बना है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित किया है कि समाज के कमजोर वर्गों और कल्याणकारी योजनाओं से वंचित लोगों को सभी देय लाभ प्राप्त हों जिसके फलस्वरूप भाजपा ने चार राज्यों में जीत सुनिश्चित की।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 वर्षों के पश्चात कोई सरकार पुनः सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि 389 सीटों में कांग्रेस के प्रत्याशियों और 377 सीटों पर आप के प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई। उत्तराखंड में पहली बार सरकार पुनः सत्ता में आई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मणिपुर में पहली बार अपने दम पर जीत सुनिश्चित की और अब हिमाचल प्रदेश में भाजपा अपनी जीत सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमीरपुर संसदीय सीट पर लगातार नौ बार जीत हासिल की है। इस संसदीय क्षेत्र की जीत का श्रेय यहां के प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता को जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के हितांे की अनदेखी की जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल के विशेष श्रेणी राज्य के दर्जे को बहाल किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र-राज्य सरकारों के 90ः10 के औसत को भी बहाल किया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को विशेष औद्योगिक पैकेज भी अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा प्रदान किया गया था। उन्होंने कहा कि अटल सुरंग भी प्रदेश की जनता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उपहार है। आईआईएम और एम्स जैसी परियोजनाएं भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य को स्वीकृत की गई और केन्द्र में भाजपा सरकार के कारण ही चम्बा, सिरमौर, हमीरपुर और मण्डी में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना संभव हो पाई।
जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। समाज के कमजोर वर्गों के लिए मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री सहारा योजना, हिमकेयर और मुख्यमंत्री शगुन जैसी योजनाएं वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के 400 करोड़ रुपये की तुलना में वर्तमान प्रदेश सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने पर 1300 करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक कदम आगे बढ़ते हुए प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट निःशुल्क बिजली प्रदान करने और हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत छूट देने का भी निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू पेयजल उपभोक्ताओं को निःशुल्क पानी उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रदेश में मिशन रिपीट सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रतिबद्धता और समर्पण भाव के साथ काम करने का आग्रह किया ताकि प्रदेश में विकास निर्बाध गति से चलता रहे।
केंद्रीय शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि भाजपा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरी है और इसका श्रेय देश के प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता को जाता है। उन्होंने भाजपा के इस विकास का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त कर शक्ति अर्जित करना नही है अपितु पार्टी के लिए सत्ता समाज सेवा का एक साधन है। इसी विचार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं को देश का प्रधान सेवक मानते हैं।
धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि यद्यपि विश्व एक कठिन दौर से गुजर रहा है परन्तु देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व के कारण ही यह संभव हो पाया है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अग्निपथ एक दूरदर्शी योजना है जो युवाओं को देश सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को वीर भूमि के नाम से जाना जाता है और प्रदेश के कई धरती पुत्र सशस्त्र बलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह योजना देश और प्रदेश के और अधिक युवाओं को सशस्त्र बलों में सेवा करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना सेना की वर्दी पहनने के युवाओं के सपने को साकार करने का एक माध्यम है।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बाहरी और आन्तरिक खतरों तथा प्राकृतिक आपदाओं के समय राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने मेंे अग्निपथ योजना के माध्यम से प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता बढ़ेगी और यह योजना सशस्त्र बलों को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
उन्होंने कहा कि यह योजना एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करती है और समाज में वापिस लौटने पर युवाओं को पुनः रोजगार के पर्याप्त अवसर सुनिश्चित करती है उन्होंने त्रिदेव से लोगों को भाजपा को समर्थन प्रदान करने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया ताकि प्रदेश का विकास निर्बाध जारी रहे।
केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी का समय पूरे विश्व के लिए परीक्षा की घड़ी थी, परन्तु भाजपा नेतृत्व और इसके कार्यकर्ताओं ने इस दौर में जरूरतमंद लोगों की सहायता की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध करवाने की एक अभिनव योजना क्रियान्वित की। उन्होंने प्रदेश की पात्र आबादी का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने में अग्रणी राज्य बनने के प्रदेश सरकार के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की आठ वर्षों की सरकार कांग्रेस के 60 वर्षों की सरकार से शासन से कई मायनों में बेहतर है। इन आठ वर्षों के दौरान विकास समाज के हर वर्ग का समग्र और अभूतपूर्व विकास सुनिश्चित हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने कंेद्र और राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई कई विकासात्मक योजनाओं का विवरण दिया।
सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने केन्द्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में पार्टी का यह तीसरा त्रिदेव सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का राज्य और विशेष रूप से इस संसदीय क्षेत्र से होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता को जमीनी स्तर पर कार्य करना चाहिए ताकि आने वाले चुनावों में भाजपा फिर से सत्ता में वापसी कर सके। उन्होंने राज्य के युवाओं के लिए अग्निपथ योजना शुरू करने के लिए मोदी सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना हर वर्ष 46,000 से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष राजनीतिक लाभ लेने के लिए युवाओं को गुमराह कर रहा है। उन्होंने प्रदेश के लोगों से भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया ताकि जय राम ठाकुर फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री बन सकें।
प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजिंद्र गर्ग, राज्यसभा के सदस्य प्रो. सिकंदर कुमार, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा, विधायक, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.