March 28, 2024


Warning: sprintf(): Too few arguments in /home/zurwmpgs60ss/public_html/shimlanews.com/wp-content/themes/newsphere/lib/breadcrumb-trail/inc/breadcrumbs.php on line 253

मोदी व जयराम के नेतृत्व में फिर बनेगी प्रदेश में सरकार: जेपी नड्डा

1 min read

कहा,कांग्रेस में नही जनता के बीच जाने की हिम्मत


पूरे देश में आज कांग्रेस के पास इतनी हिम्मत नहीं है कि वह जनता के बीच जा सके क्योंकि कांग्रेस ने जनता के हितों के लिए कुछ भी ऐसा काम नहीं किया जिसके बारे में वह जनता के बीच जाकर चर्चा कर सकें। जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर के रथ मैदान में पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह बात कही। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यहां कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा तो वही मोदी सरकार के द्वारा देश भर में किए जा रहे विकास कार्यों का भी जमकर बखान किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यह आज कार्यकर्ताओं की हिम्मत और ताकत का नतीजा है कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार जनता के विकास के लिए काम कर रहे हैं और प्रदेश में भी सीएम जय राम योजनाओं का लाभ पहुंचा रहे हैं। जेपी नड्डा ने रथ मैदान में उमड़े हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे चेहरा पढ़ना आता है और कार्यकर्ताओं का चेहरा देखते ही मुझे इस बात का विश्वास हो गया है कि हिमाचल में भी एक बार फिर से भाजपा की सरकार रिपीट करेगी और इसमें कार्यकर्ताओं का भी काफी अहम योगदान होगा।

वहीं इस दौरान जेपी नड्डा ने कांग्रेस पार्टी को भाई-बहन की पार्टी की संज्ञा देते हुए कहा कि दोनों ही जब-जब अन्य प्रदेशों में विधानसभा चुनाव होते हैं। तो उसी दौरान ही सक्रिय नजर आते हैं। लेकिन उनकी सक्रियता भी कोई काम नहीं आती है जिसका नतीजा बीते दिनों हुए विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनावों में देखने को मिला है। विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों में कांग्रेस अपनी जमानत भी नहीं बचा पाई है। आम आदमी देख रही सपने।
जेपी नड्डा ने इस दौरान आम आदमी पार्टी को भी जमकर घेरा। जेपी नड्डा ने कहा कि आम आदमी पार्टी भी जगह-जगह जाकर लोगों को सिर्फ झूठे ख्वाब दिखाकर भ्रमित कर रही है। लेकिन उनका भी वादा जनता ने खारिज कर दिया और अब वह हिमाचल की ओर भी नजरें उठाए हुए हैं। हिमाचल प्रदेश की जनता समझदार है और वह इस तरह से किसी भी राजनीतिक दलों के झूठे वादों में नहीं आने वाली है।



बोले: देश बदल गया है
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल गया है अब देश में विकास की राजनीति होती है सांप्रदायिकता और जातिवाद को छोड़कर भाजपा सिर्फ और सिर्फ विकास की राजनीति पर विश्वास रखती है।

भाजपा ने दिया हिमाचल को हक
जेपी नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस पार्टी ने हक छीनने का काम किया है और जो केंद्र से हिमाचल को स्पेशल प्रदेश का दर्जा दिया गया था उसे कांग्रेस सरकार ने छीना था और प्रदेश को जो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने विशेष औद्योगिक पैकेज दिया था उसे भी हिमाचल को बाहर करने का काम कांग्रेस पार्टी की मनमोहन सरकार ने किया है जबकि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश को फिर से विशेष राज्य का दर्जा दिया है।




राज्य की विकासात्मक मांगों के प्रति प्रधानमंत्री का सदैव उदार दृष्टिकोण: जय राम ठाकुर





मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रदेश की मिट्टी का बेटा आज विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य के दौरान की मधुर स्मृतियां लगभग सभी कार्यकर्ताओं से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है कि एक साधारण परिवार से निकला आम व्यक्ति विश्व के सबसे बड़े दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए भी यह सौभाग्य की बात है कि हमारा नेतृत्व विश्व नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को सदैव अपना दूसरा घर माना है और राज्य की विकासात्मक मांगों के प्रति उनका दृष्टिकोण हमेशा उदार रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व ने यह सुनिश्चित किया कि देश में कोई भी व्यक्ति भोजन, मास्क, सेनिटाइजर और अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित न रहे।
जय राम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में राज्य को आईआईएम और एम्स जैसी परियोजनाएं स्वीकृत हुई। उन्होंने कहा कि चम्बा, सिरमौर, हमीरपुर, मण्डी में आयुर्विज्ञान महाविद्यालय भी केन्द्र में भाजपा की सरकार के समय ही संभव हो सकें हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य में डबल ईंजन सरकारों के कारण ही सभी राष्ट्रीय राजमार्ग और फोरलेन परियोजनओं का निर्माण भी संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल में ही आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाएं देश में संचालित की गई। उन्होंने कहा कि यह उनकी राजनैतिक दूरदर्शिता और विज़न का द्योतक है। उन्होंने कहा कि ऊना में पीजीआई सेटेलाइट सेंटर स्थापित किया जा रहा है और यह परियोजनाएं भी केन्द्र एवं राज्य में डबल ईंजन की सरकारों के कारण ही संभव हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, सहारा योजना, हिमकेयर, मुख्यमंत्री शगुन जैसी योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए 1300 करोड़ रुपये व्यय किए हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने 400 करोड़ रुपये व्यय किए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली निःशुल्क प्रदान करने और हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत रियायत देने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सभी घरेलू उपभोक्ताओं को निःशुल्क जल आपूर्ति का निर्णय लिया है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रदेश में सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं। लेकिन, उन्हें यह पता होना चाहिए कि प्रदेश के लोगांे ने भाजपा को फिर से सत्ता में लाने का मन बना लिया है ताकि प्रदेश का विकास निर्बाध जारी रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की विकासात्मक नीतियों और कार्यक्रमों के कारण देश के सभी चार राज्यों में भाजपा सरकारें पुनः सत्तासीन हुईं। उन्होंने कहा कि इन चार राज्यों में मिली हार के बाद कांग्रेस नेता शीत निद्रा में चले गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के फलस्वरूप देश कोरोना का स्वदेशी टीका विकसित करने में सफल हुआ और देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सभी प्रभावी कदम उठाए। प्रदेश में पात्र आबादी का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने में हिमाचल ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश भाजपा महासचिव एवं सुन्दरनगर के विधायक राकेश जमवाल, विधायक जवाहर ठाकुर, सुरेंद्र शौरी, हीरा लाल, कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जमवाल, विभिन्न संगठनों के महासचिव, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष इस अवसर पर उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.